डांडिया फ्यूजन सीजन-4 की तैयारियों को लेकर बैठक, पदाधिकारियों को सौंपी गईं जिम्मेदारियां
हरिद्वार। श्री वैश्य बंधु समाज रजि., मध्य क्षेत्र हरिद्वार महिला विंग एवं वसुधैव कुटुम्बकम फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले ‘डांडिया फ्यूजन सीजन-4’ कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आज बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।
बैठक के दौरान आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों एवं पदाधिकारियों के कार्यों और ड्यूटी की रूपरेखा तैयार की गई। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संचालित करने के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी कार्य समय पर पूरे किए जा सकें।
गौरतलब है कि 19 अक्टूबर 2026 को होटल क्लासिक रेजिडेंसी, शंकर आश्रम चौक के निकट, हरिद्वार में डांडिया फ्यूजन सीजन-4 का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में डांडिया नृत्य, संगीत, लजीज डिनर, लकी ड्रॉ, आकर्षक खेलों तथा ‘डांडिया फ्यूजन क्वीन 2026’ सहित कई आकर्षणों की व्यवस्था रहेगी।
बैठक में सभी सदस्यों ने आपसी समन्वय और सहयोग के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने पर जोर दिया।

