
नवरात्रि पर राधा-कृष्ण मंदिर में सजा माता रानी का दरबार, महिला विंग ने भजन-कीर्तन और नृत्य से बांधा समां
हरिद्वार। श्री वैश्य बंधु समाज मध्य क्षेत्र हरिद्वार महिला विंग की ओर से नवरात्रि के पावन अवसर पर पुराना रानीपुर मोड़ स्थित राधा-कृष्ण मंदिर में भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान महिलाओं ने माता रानी का सोलह श्रृंगार कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा सुंदर-सुंदर भजनों और कीर्तन के माध्यम से मां दुर्गा की महिमा का गुणगान किया।
कार्यक्रम में महिलाओं ने भक्तिमय भजनों पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियां देकर माहौल को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। सभी महिलाओं ने हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ माता रानी का श्रृंगार किया और परिवार की सुख-समृद्धि, घर में खुशहाली तथा देश की उन्नति एवं प्रगति की कामना की।
मंदिर परिसर में भक्ति और उत्साह का सुंदर संगम देखने को मिला। नवरात्रि के पावन पर्व पर आयोजित इस कार्यक्रम ने महिलाओं को धार्मिक आस्था और आपसी सौहार्द के सूत्र में बांधा। माता रानी के जयकारों के साथ पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

