
वैष्णवी डांस क्रिएशन के 15 दिवसीय समर कैंप का भव्य समापन, बच्चों ने बिखेरा प्रतिभा का रंग
हरिद्वार के विद्या विहार एकेडमी में आयोजित वैष्णवी डांस क्रिएशन के 15 दिवसीय समर कैंप का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ भव्य समापन हुआ। इस अवसर पर बच्चों ने विभिन्न नृत्य शैलियों की शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
उत्तराखंड की प्रख्यात नृत्यांगना वैष्णवी झा द्वारा संचालित वैष्णवी डांस क्रिएशन के अंतर्गत विद्या विहार एकेडमी में आयोजित 15 दिवसीय समर कैंप का भव्य समापन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर किरण जैसल सहित समाजसेवी विशाल गर्ग, वार्ड-48 के पार्षद आशुतोष चक्रपाणि, नीरा कौशिक, करुणा चौहान, रजनीश योगी एवं संतोष कुमार साहू उपस्थित रहे।
अतिथियों ने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। वहीं विशिष्ट अतिथि विजेंद्र पालीवाल एवं शोभना पालीवाल ने सभी प्रतिभागी बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
समापन समारोह में बच्चों ने पंजाबी, हरियाणवी, क्लासिकल, बॉलीवुड, रेट्रो, कथक नृत्य तथा शिव स्तुति की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। बच्चों की शानदार प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत में वैष्णवी झा ने सभी अभिभावकों, अतिथियों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण शिविर बच्चों की छिपी प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समर कैंप का समापन उत्साह, उमंग और सांस्कृतिक रंगों के साथ संपन्न हुआ।

