अंबेडकर बस्ती में शरद पूर्णिमा उत्सव आयोजित
आदिकवि महर्षि वाल्मीकि के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान
हरिद्वार, 26 अक्टूबर। संजय नगर, टिबड़ी स्थित अंबेडकर बस्ती में सोमवार को शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्गा कुमार ने की। मुख्य वक्ता के रूप में मध्यहरिद्वार उपनगर कार्यवाह मनोज पाल ने उपस्थित लोगों को संबोधित किया।
अपने उद्बोधन में मनोज पाल ने शरद पूर्णिमा के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आदिकवि महर्षि वाल्मीकि के जीवन से प्रेरणा लेते हुए ज्ञान, साधना, आत्मसुधार और करुणा जैसे जीवन-मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का जीवन हमें अपने व्यक्तित्व को बेहतर बनाने तथा समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव और सेवा-भाव के महत्व पर भी विचार रखे। साथ ही, बच्चों को अनुशासन, अच्छे संस्कार और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बस्ती प्रमुख राजवीर, शाखा कार्यवाह राकेश, रमन, बौद्धिक प्रमुख कमलेश सहित अरुण, मोहित, संदीप, ओम पाल, महेंद्र, अमर सिंह, अनमोल एवं कन्हैया उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मातृशक्ति एवं स्वयंसेवकों की भी सहभागिता रही।
कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में संस्कार, सेवा और सामाजिक समरसता की भावना को प्रोत्साहित करना रहा।

