साइकिल से ही जीती जा सकती है जलवायु परिवर्तन के खिलाफ जंग – ग्रीनमैन बघेल

साइकिल से ही जीती जा सकती है जलवायु परिवर्तन के खिलाफ जंग – ग्रीनमैन बघेल

पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए सबसे बड़ी भूमिका निभाती है साइकिल – हरितऋषि विजयपाल बघेल

हरिद्वार- 3 जून। जलवायु परिवर्तन की वैश्विक समस्या के खिलाफ लड़ी जाने वाली जंग को यदि जीतना है तो साइकिल युग की वापिसी लानी होगी, साइकिल की सवारी स्थानीय परिवहन का प्रमुख ईको फ्रैंडली साधन होने के साथ स्वास्थ्य एवं आर्थिक रूप से सबसे अधिक लाभदायक होने के अलावा इसका कार्बन उत्सर्जन शून्य रहता है। स्थानीय यातायात के लिए दशकों से साइकिल का उपयोग करने वाले ग्रीन मैन ऑफ इंडिया हरितऋषि डॉ0 विजयपाल बघेल ने आज विश्व साईकिल दिवस पर साइकिल द्वारा “हरिद्वार परिक्रमा” करके साइकिल का अधिकाधिक प्रयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि युद्ध के कारण दुनिया में पेट्रोलियम पदार्थों की आपूर्ति बाधित हो गई है और उनका भंडारण भी शीघ्र समाप्त होने वाला है साथ ही ये ग्लोबल वार्मिंग का मुख्य कारण बन गया है।

भारतीय वृक्ष न्यास (Tree Trust of India) के अध्यक्ष श्री बघेल ने हाल ही में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा तेल बचाने की देशवासियों से की गई अपील का पुरजोर समर्थन करते हुए सभी को सचेत किया कि आज से यातायात के लिए साइकिल के प्रयोग को प्राथमिकता नहीं दी तो वर्ष 2030 तक 2 डिग्री सेल्सियस तापमान बढ़ने की संभावना है, परिणाम स्वरूप चारों तरफ हाहाकार मच जाएगा। ग्लेशियर पिघलने की गति बढ़ेगी, जल संसाधन विलुप्त होंगे, समुद्र तल बढ़ेगा, पृथ्वी आग उगलेगी, वानिकी संपदा नष्ट हो जाएगी, जैव विविधता पर भारी संकट आने के साथ पूरे पारिस्थितिकी तंत्र का विध्वंस हो जायेगा। हरित क्षेत्र घटने से वायुमंडल में प्राणवायु (ऑक्सीजन) की कमी होने के कारण जन जीवन पर भारी खतरा अभी से मंडराना शुरू कर दिया है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जीवनदायिनी प्रकृति के साथ छेड़छाड़ करके अपने ही अस्तित्व को मिटाने का कार्य मानव द्वारा ही दानव बनकर किया जा रहा है, यही हाल रहा तो जैसे आज पानी की बोतल साथ रखनी जरूरी हो गई है उसी तरह वो दिन दूर नहीं जिस दिन ऑक्सीजन का सिलेंडर हमेशा साथ रखना जरूरी हो जाएगा।

मीडिया प्रभारी
भारतीय वृक्ष न्यास (Tree Trust of India)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *