कनखल की कॉलोनी में भटका बारहसिंगा, क्षेत्र में मचा हल्का हड़कंप
कनखल स्थित ज्ञान लोक कॉलोनी में रविवार रात 8 बजे अचानक एक बारहसिंगा के पहुंच जाने से क्षेत्र में हल्का हड़कंप मच गया। शहर के बीचो-बीच स्थित यह पॉश कॉलोनी अक्सर शांत माहौल के लिए जानी जाती है, लेकिन जंगल से भटके इस वन्यजीव की एंट्री ने लोगों को हैरान कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कॉलोनी में अचानक एक बड़ी छलांग लगाते हुए बारहसिंगा दिखाई दिया, जिसके बाद लोग सुरक्षित दूरी बनाते हुए ऊपर-नीचे से वीडियो और फोटो बनाते नजर आए। सौभाग्य से इस दौरान किसी तरह की हानि नहीं हुई, न वन्यजीव को और न ही स्थानीय निवासियों को।
निवासियों ने बताया कि शहर में आए दिन कोई न कोई जंगली जानवर रास्ता भटककर कॉलोनियों में पहुंच जाता है, जो चिंता का विषय है। लोगों का कहना है कि प्रशासन को इस दिशा में और अधिक सतर्कता बरतते हुए ऐसे हालात से निपटने के लिए त्वरित टीम और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।

