सोनिया गांधी की जीवनी में रुचि नहीं, ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर जताई चिंता: स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद
गोवंश की घटती संख्या को लेकर योगी सरकार पर साधा निशाना, जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम शंकराचार्य के नाम पर रखने की मांग दोहराई
हरिद्वार। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने सोनिया गांधी की बायोग्राफी बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव को लेकर कहा कि उन्हें इस पुस्तक को पढ़ने में कोई विशेष रुचि नहीं है। सोनिया गांधी की जीवन कथा से उनका कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जीवन को दिशा और प्रेरणा रामचरितमानस तथा महाभारत जैसे धार्मिक ग्रंथों से मिलती है। वे भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण के चरित्र का अध्ययन कर लोककल्याण और जीवन के आदर्शों की प्रेरणा लेते हैं।
ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर जताई चिंता
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के गठबंधन पर प्रतिक्रिया देते हुए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने इसे हिंदू धर्म के लिए खतरा बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति धीरे-धीरे अमेरिका की दो दलीय व्यवस्था की ओर बढ़ती दिखाई दे रही है। दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एकजुट कर बनाए जा रहे राजनीतिक गठबंधनों पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इससे हिंदू समाज और धर्म को नुकसान पहुंच सकता है। उन्होंने इस गठबंधन को आदर योग्य नहीं माना।
गोवंश की घटती संख्या पर योगी सरकार को घेरा
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल में गोवंश की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। उनके अनुसार, वर्ष 2019 से 2024 के बीच हुई गणना में करीब 70 लाख गोवंश कम होने की बात सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि इतनी बड़ी संख्या में गोवंश की कमी के बावजूद सरकार ने प्रभावी कदम क्यों नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि इस स्थिति के चलते हिंदू समाज में सरकार के प्रति पहले जैसा विश्वास नहीं रह गया है, जिसका असर आगामी चुनाव में भी देखने को मिल सकता है।
जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम शंकराचार्य के नाम पर रखने की मांग
स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने जौलीग्रांट एयरपोर्ट का नाम आदि गुरु शंकराचार्य के नाम पर रखने की मांग दोहराते हुए राज्य सरकार के प्रति नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि आदि गुरु शंकराचार्य सनातन धर्म के पुनरुद्धारक और भारत की आध्यात्मिक एकता के सूत्रधार थे। उत्तराखंड से उनका विशेष आध्यात्मिक संबंध रहा है। यहां उनकी पीठ और समाधि भी स्थापित है। इसी ऐतिहासिक और आध्यात्मिक महत्व को देखते हुए एयरपोर्ट का नाम उनके नाम पर रखने की मांग की जा रही है। लंबे समय से इस पर निर्णय नहीं होने से उन्होंने निराशा जताई।
शीतकालीन चारधाम यात्रा को बताया सराहनीय पहल
उत्तराखंड सरकार की शीतकालीन चारधाम यात्रा को बढ़ावा देने की पहल की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में ग्रीष्मकालीन और शीतकालीन दोनों यात्राएं संचालित होनी चाहिए। भगवान के दर्शन और आशीर्वाद के लिए मौसम बाधा नहीं बनना चाहिए। उन्होंने बताया कि कई श्रद्धालुओं ने शीतकालीन यात्रा के सुखद अनुभव साझा किए हैं। गर्मियों की अपेक्षा सर्दियों में कई स्थानों पर श्रद्धालुओं को आसानी से दर्शन हो जाते हैं। उन्होंने इसे धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिहाज से महत्वपूर्ण पहल बताया।

