फर्जी प्रमाण पत्र प्रकरण पर कड़ी कार्रवाई, हरिद्वार में सीएससी संचालक पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी


फर्जी प्रमाण पत्र प्रकरण पर कड़ी कार्रवाई, हरिद्वार में सीएससी संचालक पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी



हरिद्वार, 21 नवंबर 2025

मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में जिला प्रशासन हरिद्वार ने फर्जी प्रमाण पत्र निर्गत करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही शुरू कर दी है। इसी के तहत सीएससी केंद्रों के माध्यम से जारी होने वाले प्रमाण पत्रों की जांच के लिए जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में ही सभी उपजिलाधिकारियों को औचक निरीक्षण के निर्देश दिए गए थे।

उप जिलाधिकारी हरिद्वार, जितेंद्र कुमार ने बताया कि जांच रिपोर्ट में पाया गया कि सीएससी संचालक साजिद निवासी मुस्तफाबाद, मोबाइल नंबर 7017561312, द्वारा फर्जी दस्तावेज अपलोड कर आवेदक नवाजिश पुत्र नूरआलम के नाम से स्थायी निवास प्रमाण पत्र जारी कराने का प्रयास किया गया।

जांच में सामने आया कि आवेदन संख्या UK25ES0100585235 के साथ संलग्न खतौनी कूटरचित थी। वास्तविक अभिलेखों में दर्ज भू-स्वामी का नाम अपलोड की गई नकल से भिन्न पाया गया, जिससे फर्जीवाड़े की पुष्टि हुई।

प्रशासन का कहना है कि दस्तावेजों का उपयोग सरकारी योजनाओं, लाभों और रोजगार हेतु किया जाता है, ऐसे में फर्जी प्रमाण पत्र बनना पात्र लाभार्थियों के अधिकारों और राजस्व प्रणाली को प्रभावित करता है।

उप जिलाधिकारी ने बताया कि दस्तावेजों के अवलोकन और साक्ष्यों के आधार पर साजिद और सम्भावित सहयोगियों के विरुद्ध नियमित प्राथमिकी दर्ज करने की संस्तुति की गई है

जिलाधिकारी द्वारा निर्देशित व्यापक जांच के तहत पिछले पांच वर्षों में जारी प्रमाण पत्रों की समीक्षा की जा रही है। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि भविष्य में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर प्रमाण पत्र जारी करने वाले किसी भी सीएससी संचालक के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *