अपशिष्ट संग्रहण एजेंसी पर नगर निगम हरिद्वार की सख़्त कार्रवाई

अपशिष्ट संग्रहण एजेंसी पर नगर निगम हरिद्वार की सख़्त कार्रवाई
₹10,000 का चालान, लापरवाही दोहराने पर ब्लैकलिस्ट की चेतावनी

हरिद्वार।
राष्ट्रीय राजमार्ग विकास प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों द्वारा की गई शिकायत पर नगर निगम हरिद्वार ने त्वरित संज्ञान लेते हुए अपशिष्ट संग्रहण एजेंसी ईकोन वाटरग्रेस के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की है।

आज दिनांक 16 दिसंबर 2025 को शिकायत के सत्यापन के दौरान पाया गया कि कचरा परिवहन में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। इस गंभीर लापरवाही के चलते नगर निगम द्वारा संबंधित एजेंसी पर ₹10,000 (दस हजार रुपये) का चालान किया गया।

नगर निगम ने एजेंसी को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही दोहराई गई, तो अनुबंध निरस्त कर कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि इससे पूर्व भी एजेंसी को सभी अपशिष्ट वाहनों को ढककर निस्तारण स्थल तक भेजने के स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके थे तथा चेतावनी भी जारी की गई थी। इसके बावजूद पुनः नियमों की अनदेखी पाए जाने पर यह चालानी कार्रवाई की गई।

इस संबंध में नगर आयुक्त ने कहा—

“नगर निगम क्षेत्र में स्वच्छता एवं पर्यावरणीय मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। कचरा संग्रहण एवं परिवहन में लापरवाही बरतने वाली एजेंसियों के विरुद्ध सख़्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।”

नगर निगम हरिद्वार ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था एवं पर्यावरण सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भविष्य में भी ऐसी शिकायतों पर तत्काल, प्रभावी और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *