🟠 सती कुंड कनखल में हिंदू सम्मेलन सम्पन्न, सुंदरकांड पाठ एवं बौद्धिक से जागृत हुई समाज चेतना
हरिद्वार। सती कुंड, कनखल में आज समस्त हिंदू समाज के तत्वावधान में आयोजित हिंदू सम्मेलन श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत सुंदरकांड के सामूहिक पाठ से हुई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इसके उपरांत आयोजित बौद्धिक सत्र में वक्ताओं ने सनातन संस्कृति, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित के विषयों पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने समाज में समरसता, जागरूकता और संगठन की आवश्यकता पर बल दिया। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों द्वारा देशभक्ति एवं सांस्कृतिक विषयों पर सुंदर प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। बच्चों की प्रतिभा और उत्साह ने पूरे आयोजन को और भी प्रेरणादायी बना दिया।
कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह ने एकजुटता का संदेश देते हुए समाज के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया। अंत में प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजकों ने सभी उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया।

