सोमवती अमावस्या पर अंधेरे में डूबा हरिद्वार

सोमवती अमावस्या पर अंधेरे में डूबा हरिद्वार! हजारों श्रद्धालु बेहाल, फूंका ट्रांसफार्मर बना बड़ा सवाल

“अंडरग्राउंड वायरिंग के दावों का क्या हुआ?” भीड़ बढ़ते ही बिजली व्यवस्था हुई फेल, तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने उठाए तीखे सवाल

सोमवती अमावस्या और वीकेंड के चलते धर्मनगरी हरिद्वार में लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है, लेकिन इसी बीच विष्णु घाट, रामघाट, सब्जी मंडी, भोलागिरी रोड और मोती बाजार सहित कई क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रहने से श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

जानकारी के अनुसार संबंधित क्षेत्र का ट्रांसफार्मर फुंक जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिस अंडरग्राउंड वायरिंग परियोजना को भविष्य की समस्याओं का स्थायी समाधान बताकर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे, वह भारी भीड़ के दबाव में आखिर क्यों जवाब दे रही है?

तीर्थ पुरोहित उज्ज्वल पंडित ने इस पूरे मामले पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यदि भीड़ बढ़ते ही ट्रांसफार्मर फुंक रहे हैं और बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो रही है, तो यह व्यवस्था की बड़ी चूक है। उन्होंने सवाल उठाया कि भीषण गर्मी में तड़पते श्रद्धालु हरिद्वार से आखिर क्या संदेश लेकर जाएंगे?

उन्होंने कहा कि वर्षों से बड़े-बड़े दावे किए गए, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि आस्था की नगरी में लाखों श्रद्धालु अंधेरे और गर्मी के बीच परेशान होने को मजबूर हैं। अब जरूरत है कि जिम्मेदार विभाग इस मामले की जवाबदेही तय करे और ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए।

अंधेरे में आस्था | भीड़ बढ़ते ही बिजली व्यवस्था फेल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *