मथुरा में वकीलों के चेंबरो पर चला बुलडोजर: 400 चेंबर ध्वस्त, बिना नोटिस कार्रवाई का आरोप, सामान गायब होने से आक्रोश
मथुरा में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई से अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। प्रशासन द्वारा करीब 400 वकीलों के चेंबरों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें ध्वस्त कर दिया गया, जिससे वकील समुदाय भड़क उठा।
वकीलों का आरोप है कि कार्रवाई से पहले कोई नोटिस नहीं दिया गया, न ही उन्हें अपना सामान हटाने का अवसर मिला। चेंबरों में रखे लैपटॉप, एसी, कुर्सियां, फाइलें और अन्य जरूरी दस्तावेज या तो क्षतिग्रस्त हो गए या फिर गायब बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में वकील मौके पर एकत्र हो गए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। वकीलों ने इसे तानाशाही कार्रवाई बताते हुए कहा कि यह उनके पेशे और सम्मान पर सीधा हमला है।
वकील संगठनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई की जांच नहीं हुई और नुकसान की भरपाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई नियमों के तहत की गई, हालांकि नोटिस को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई है।
मामले ने तूल पकड़ लिया है और अब पूरे प्रदेश के वकील संगठनों की नजर मथुरा प्रशासन की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।

