गंगा दशहरा से पहले नगर निगम सख्त, हरकी पैड़ी और अपर रोड पर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी


गंगा दशहरा से पहले नगर निगम सख्त, हरकी पैड़ी और अपर रोड पर अतिक्रमणकारियों को चेतावनी
नगर आयुक्त नंदन कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण, सफाई और व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश
हरिद्वार। गंगा दशहरा पर्व से पहले नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शुक्रवार को नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार, आईएएस ने नगर निगम टीम के साथ अपर रोड, ब्रह्मपुरी और हरकी पैड़ी क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक मार्गों और घाट क्षेत्रों में अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए अवैध कब्जे तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए।

नगर आयुक्त ने आगामी गंगा दशहरा पर्व को देखते हुए शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाए जाने के निर्देश भी जारी किए। नगर निगम द्वारा संबंधित क्षेत्रों को अलग-अलग जोनों में बांटते हुए सफाई निरीक्षकों की जिम्मेदारी तय की गई है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि अपने क्षेत्रों में नियमित सफाई, निगरानी और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रखें।

नगर आयुक्त नंदन कुमार ने कहा कि गंगा दशहरा पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के हरिद्वार पहुंचने की संभावना है। ऐसे में शहर की व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरीक्षण और प्रवर्तन अभियान तेज कर दिए गए हैं। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि तीर्थ स्थलों पर गंदगी फैलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।

नगर निगम प्रशासन ने व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि गंगा दशहरा पर्व के दौरान शहर की स्वच्छता और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *