75 लाख श्रद्धालुओं के स्नान के बाद नगर निगम का स्वच्छता महाअभियान, रातभर में 90 ट्रैक्टर कूड़ा हटाकर रचा नया कीर्तिमान
रात 9 बजे से सुबह 4 बजे तक चला ऑपरेशन क्लीन गंगा घाट, नगर आयुक्त नंदन कुमार ने देर रात पहुंचकर किया निरीक्षण
हरिद्वार। सोमवती अमावस्या के ऐतिहासिक स्नान पर्व के समापन के बाद नगर निगम हरिद्वार ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया। लगभग 75 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के बाद घाटों और सार्वजनिक स्थलों पर एकत्रित हुए भारी मात्रा के कूड़े को नगर निगम ने युद्धस्तर पर अभियान चलाकर रातभर में साफ कर दिया।
पुलिस प्रशासन से वाहनों की अनुमति मिलते ही नगर निगम की टीम ने रात्रि करीब 9 बजे से विशेष स्वच्छता अभियान शुरू कर दिया। अभियान के तहत विष्णु घाट, अलकनंदा घाट, सुभाष घाट, नई घाट, मालवीय घाट सहित सभी प्रमुख स्नान स्थलों और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई कार्य किया गया।
नगर निगम के सफाई कर्मियों और अधिकारियों ने पूरी रात लगातार मेहनत करते हुए करीब 90 ट्रैक्टर कूड़ा एकत्रित कर उसका निस्तारण किया। सुबह 4 बजे तक सभी प्रमुख घाटों और मार्गों को पूरी तरह साफ कर दिया गया, जिससे श्रद्धालुओं के प्रस्थान के बाद भी हरिद्वार की स्वच्छता और गरिमा बरकरार रही।
स्वच्छता अभियान की मॉनिटरिंग स्वयं नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार ने की। वह रात्रि लगभग 2 बजे मौके पर पहुंचे और सफाई कार्यों का निरीक्षण कर अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पूरी टीम के कार्य की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन भी किया।
अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक धीरेंद्र सेमवाल सहित नगर निगम की पूरी स्वच्छता टीम रातभर मुस्तैदी से डटी रही।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार श्रद्धालुओं की अभूतपूर्व भीड़ के बावजूद निर्धारित समय में सभी प्रमुख घाटों और मार्गों की सफाई पूरी कर ली गई। यह सफलता निगम की सुनियोजित कार्ययोजना, बेहतर समन्वय और सफाई कर्मियों की अथक मेहनत का परिणाम है। सोमवती अमावस्या स्नान के बाद चलाया गया यह विशेष स्वच्छता अभियान हरिद्वार में स्वच्छ और सफल आयोजन का एक उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया।

