ऋषिकुल मैदान में सज गई हैंडीक्राफ्ट की भव्य प्रदर्शनी, पारंपरिक कला और आधुनिक डिजाइन का अनोखा संगम
हरिद्वार, 09 दिसम्बर 2025
नेशनल हैंडीक्राफ्ट वीक के अवसर पर ऋषिकुल मैदान में क्राफ्ट डिमोंस्ट्रेशन एवं जागरूकता के तहत तीन दिवसीय हैंडीक्राफ्ट प्रदर्शनी की शुरुआत हुई। प्रदर्शनी में देशभर के कुशल डिजाइनर और पेंटिंग कलाकारों द्वारा बनाए गए आकर्षक हैंडीक्राफ्ट और सजावटी उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है।
प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्रा, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक उत्तम कुमार तिवारी और प्रांतीय व्यापार मंडल के अध्यक्ष डॉ. विशाल गर्ग द्वारा किया गया।
मुख्य विकास अधिकारी डॉ. मिश्रा ने कहा कि “हस्त निर्मित कला हमारी परंपरा की धरोहर है। आधुनिक तकनीक के दौर में भी हैंडीक्राफ्ट की मांग बनी हुई है। इन कलाओं को आगे बढ़ाने और कलाकारों को प्रोत्साहित करने की आवश्यकता है।”
प्रदर्शनी में—
- प्राचीन आर्टिफैक्ट
- प्राकृतिक फूलों से निर्मित धूप–अगरबत्ती, दीप
- टेक्सटाइल डिजाइन
- जूट उत्पाद
- पेंटिंग
- ऊनी वस्त्र
- एम्ब्रॉयडरी और कढ़ाई वाले परिधान
सहित कई शिल्प उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
हस्तलिप सेवा केंद्र के असिस्टेंट डायरेक्टर नलिन राय ने बताया कि प्रदर्शनी में देहरादून की पूनम वर्मा, जया, हरिद्वार की ज्योति भट्ट, मानसी, निर्मला चौहान, नीरज, रुड़की के मोहम्मद एहसान सहित कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कारीगर शामिल हैं। यहां पुराने नौकायन यंत्रों से लेकर आधुनिक डेकोरेशन आइटम तक कई दुर्लभ प्रदर्शन देखने को मिल रहे हैं।
प्रदर्शनी में जिला उद्योग केंद्र, स्थानीय संगठनों और व्यापार मंडल का सहयोग रहा। आयोजन समिति के अनुसार प्रदर्शनी अगले तीन दिन तक प्रतिदिन आगंतुकों के लिए खुली रहेगी।

