राजाजी टाइगर रिजर्व 5 माह के लिए बंद, 15 नवंबर से फिर दौड़ेगी जंगल सफारी
20 हजार से अधिक पर्यटकों ने लिया जंगल सफारी का रोमांच, मानसून सीजन में 15 जून से बंद हुए पर्यटन जोन।
हरिद्वार। राजाजी टाइगर रिजर्व के गेट मानसून सीजन के चलते आगामी पांच माह के लिए बंद कर दिए गए हैं। अब पर्यटक 15 नवंबर से दोबारा जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे। इस सीजन में करीब 20 हजार पर्यटकों ने राजाजी के जंगलों की सैर की और वन्यजीवों के रोमांचक दीदार किए।
वन विभाग के अनुसार चिल्ला और हरिद्वार रेंज के पर्यटन जोन 15 जून से बंद कर दिए गए हैं, जो अब 15 नवंबर को दोबारा खुलेंगे। मानसून के दौरान जंगल मार्गों की सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
आंकड़ों के अनुसार इस सीजन में 20,245 पर्यटकों ने जंगल सफारी का लुत्फ उठाया, जिनमें 19,139 भारतीय और 1,106 विदेशी पर्यटक शामिल रहे। वहीं 5,559 वाहनों का प्रवेश दर्ज किया गया। वन अधिकारियों का कहना है कि पर्यटकों की बढ़ती रुचि से राजाजी टाइगर रिजर्व देश-विदेश के प्रकृति प्रेमियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है।

