
कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में उमड़ा आस्था का सैलाब, शाम की आरती तक 38 लाख 90 हजार श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान
हर की पैड़ी सहित विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़, देर शाम तक जारी रहा स्नान और श्रद्धालुओं का आवागमन
हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर श्रद्धा और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। पावन गंगा में स्नान के लिए देश के विभिन्न हिस्सों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे। हर की पैड़ी सहित शहर के विभिन्न गंगा घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगलकामना की प्रार्थना की।
हरिद्वार पुलिस की मीडिया सेल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व पर शाम की आरती तक लगभग 38 लाख 90 हजार श्रद्धालु हर की पैड़ी एवं विभिन्न गंगा घाटों पर स्नान कर अपने-अपने गंतव्यों की ओर प्रस्थान कर चुके थे या कर रहे थे।
पुलिस के अनुसार, शाम की आरती के बाद भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का गंगा स्नान के लिए हरिद्वार पहुंचना और विभिन्न घाटों की ओर आवागमन लगातार जारी रहा।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर हरिद्वार में गंगा स्नान का विशेष धार्मिक महत्व माना जाता है। इसी मान्यता के चलते श्रद्धालुओं में पर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। हर-हर गंगे और जय मां गंगे के जयघोष से धर्मनगरी का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
38 लाख 90 हजार श्रद्धालुओं के गंगा स्नान का यह आंकड़ा शाम की आरती तक का है। श्रद्धालुओं की लगातार जारी आवाजाही के चलते स्नान पर्व पर आस्था का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
अखंड आवाज – हर कोना, हर खबर

