

हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण: प्रेस क्लब हरिद्वार ने मनाया द्वि-शताब्दी समारोह, राज्यपाल गुरमीत सिंह बोले—सच देर से सही, हारता नहीं
हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूर्ण होने के ऐतिहासिक अवसर पर प्रेस क्लब (रजि.) हरिद्वार द्वारा भारत सेवा आश्रम सभागार में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन हिंदी के पहले समाचार पत्र ‘उदंत मार्तंड’ के प्रकाशन की द्वि-शताब्दी को समर्पित रहा, जिसने समाज में सच्चाई की आवाज़ बनने का कार्य किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (से.नि.) गुरमीत सिंह रहे। अपने प्रेरक संबोधन में उन्होंने पत्रकारिता को समाज के लिए “अस्त्र और शास्त्र” बताते हुए कहा कि पत्रकारिता आम जनता और सरकार के बीच सेतु का कार्य करती है।
उन्होंने कहा, “सच कभी हारता नहीं है, भले ही उसे जीतने में थोड़ा समय लग जाए।”
उनका संबोधन इतना प्रभावशाली रहा कि सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौधरी, महामंत्री दीपक मिश्रा, मुख्य संयोजक सुनील दत्त पांडे सहित अनेक वरिष्ठ पत्रकार उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन संजय आर्य द्वारा किया गया।
समारोह की शोभा देखते ही बन रही थी। वक्ताओं ने हिंदी पत्रकारिता के सामाजिक योगदान, उसकी जिम्मेदारियों और बदलते स्वरूप पर विस्तार से विचार रखे। उपस्थित जनसमूह ने इसे एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक आयोजन बताया।
बताया जा रहा है कि हरिद्वार में यह पहला ऐसा भव्य आयोजन रहा, जिसमें हिंदी पत्रकारिता दिवस को 200 वर्ष पूर्ण होने पर इतने व्यापक स्तर पर मनाया गया। यह कार्यक्रम पत्रकारिता के गौरवशाली इतिहास और उसके उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक बनकर उभरा।

