पिरान कलियर थाने का अर्धवार्षिक निरीक्षण, अपराध नियंत्रण व जनसेवा पर एसपी ग्रामीण का जोर
हरिद्वार।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण हरिद्वार श्री शेखर चन्द्र सुयाल द्वारा आज दिनांक 14 दिसंबर 2025 को थाना पिरान कलियर का जनवरी 2025 से 31 जून 2025 तक का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय व्यवस्था और पुलिसिंग के विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के समय थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उप निरीक्षक बबलू चौहान, चौकी प्रभारी ईमलीखेड़ा, चौकी प्रभारी धनौरी सहित समस्त उप निरीक्षक, अपर उप निरीक्षक एवं थाना स्टाफ उपस्थित रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा सलामी लेने के पश्चात थाना परिसर, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, बैरिक, शस्त्रागार, मैस एवं CCTNS व्यवस्था का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
एसपी ग्रामीण ने सभी अभिलेखों को अद्यावधिक रखने, माल मुकदमाती के शीघ्र निस्तारण तथा ऑनलाइन पोर्टलों से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन शिकायतों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निरीक्षण के उपरांत थाना स्टाफ एवं ग्राम प्रहरियों की गोष्ठी आयोजित की गई, जिसमें उनकी समस्याएं सुनी गईं। ग्राम प्रहरियों एवं बीट कर्मचारियों को गांवों में अपराधों की रोकथाम, नशा तस्करी पर पैनी नजर रखने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल सूचना देने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण हेतु आदेश कक्ष लिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पीड़ितों की सहायता एवं संरक्षण को प्राथमिकता देने, अपराध नियंत्रण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने तथा सर्दी के मौसम में स्वयं की सुरक्षा का ध्यान रखने के निर्देश दिए।

