युवा आपदा मित्र प्रशिक्षण के चौथे दिन खोज-बचाव तकनीकों पर विस्तृत प्रशिक्षण
हरिद्वार, 22 नवंबर 2025
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने अवगत कराया कि राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत क्वांटम यूनिवर्सिटी में चल रहे सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के चौथे दिवस में प्रतिभागियों को महत्वपूर्ण विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
आज के प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को खोज एवं बचाव तकनीकों, पशु सुरक्षा, शीतलहर, हिमस्खलन, भूकंप इत्यादि आपदाओं से निपटने की प्रक्रिया एवं सावधानियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र का संचालन मास्टर ट्रेनर श्री मनोज कंडियाल द्वारा किया गया, जिन्होंने प्रतिभागियों को आपदा के दौरान त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया देने के तरीकों के साथ-साथ राहत एवं बचाव कार्यों की व्यावहारिक समझ विकसित कराई।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने मॉक ड्रिल, आपातकालीन प्रतिक्रिया मॉडल और सुरक्षा प्रोटोकॉल के माध्यम से व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्राप्त किया।

