


शारदा नगर शिव मंदिर में नवरात्र अष्टमी पर डांडिया उत्सव, बहनों ने माता रानी के गुणगान गाया
शारदा नगर स्थित प्राचीन शिव मंदिर में नवरात्रों के अवसर पर इस बार भी भक्ति और उत्साह का अनोखा संगम देखने को मिला। नवरात्रों के प्रथम दिन मां भगवती को चोला और छत्र चढ़ाकर विधिवत पूजन किया गया। इसके बाद पूरे नौ दिनों तक शारदा नगर की सभी बहनों ने मंदिर प्रांगण में एकत्र होकर माता रानी का गुणगान किया।
आज अष्टमी के पावन अवसर पर कीर्तन के उपरांत मंदिर प्रांगण में डांडिया उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और भक्ति के साथ उल्लास से डांडिया नृत्य प्रस्तुत किया। विशेष आकर्षण के रूप में लकी ड्रा आयोजित किया गया, जिसमें सास और बहू की जोड़ी को इस बार “डांडिया क्वीन” का ताज पहनाया गया।
हर साल की तरह इस वर्ष भी समाजसेविका शशि अग्रवाल ने कार्यक्रम में उपहार भेंट किए, जिससे महिलाओं का उत्साह और भी बढ़ गया। इस मौके पर पार्षद पिंकी चौधरी, तनुजा शर्मा, रितु तायल, शीला, उर्मिला, पायल, छवि, नीरा, सुषमा, कविता, आदेश, नूतन, शशि, निर्मला, नमिता, प्रीति, पूनम, मंजू, मोनिका, चंचल, मेघा, विधि सहित अनेक बहनों ने सक्रिय रूप से भाग लिया और आयोजन को सफल बनाया।
मंदिर प्रांगण में भक्तिरस और उमंग से सराबोर यह आयोजन न केवल महिलाओं की आस्था का प्रतीक रहा बल्कि समाज में एकता और सहयोग का भी अद्भुत संदेश दे गया।

