कांग्रेस ने लगाए फर्जी वोटिंग के आरोप, विधायक कौशिक को बताया अवैध वोटों का सरगना

कांग्रेस ने लगाए फर्जी वोटिंग के आरोप, विधायक कौशिक को बताया अवैध वोटों का सरगना

-हरिद्वार से वोटरों को बिहार ले जाने वाले सरगना हरिद्वार के ही थे विधायक: बोले महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग

हरिद्वार। कांग्रेस ने बिहार में फर्जी मतदान कराने का गंभीर आरोप लगाते हुए भाजपा पर सीधा हमला बोला है। मंगलवार को महानगर कांग्रेस अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि राहुल गांधी पिछले कुछ दिनों से वोट चोरी का बड़ा मुद्दा उठा रहे हैं, जिसका खुलासा हरिद्वार के वोटर ने बिहार में फर्जी मतदान करने के बाद सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट से हुआ है।

प्रेस क्लब सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में महानगर अध्यक्ष अमन गर्ग ने कहा कि हरिद्वार के एक मतदाता ने बिहार में वोट डालते हुए अपनी तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट की, जिसके बाद यह मामला उजागर हुआ। हालांकि फोटो सामने आते ही उसे तत्काल डिलीट कर दिया गया। अमन गर्ग ने आरोप लगाया कि इस तरह की घटनाएं चुनाव व्यवस्था में बड़ी गड़बड़ी की ओर संकेत करती हैं।

कांग्रेस नेता वरुण बालियान ने आरोप लगाया कि हरिद्वार से मतदाताओं को बिहार ले जाकर वोट डलवाने की साजिश रची गई। उन्होंने भाजपा विधायक मदन कौशिक को इस अवैध वोटिंग का ‘सरगना’ बताते हुए कहा कि यह उनका जिम्मेदारी वाला क्षेत्र था, और उन्हीं की निगरानी में यह खेल हुआ।

उन्होंने कहा कि सवाल उठता है कि जब इलेक्शन कमीशन से सवाल किया जाता है तो पार्टी (भाजपा) जवाब देती है और जब भाजपा से पूछा जाता है तो इलेक्शन कमीशन सामने आता है। ऐसे में चुनाव निर्धारित संस्था पर भी कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने मांग की कि जिलाधिकारी हरिद्वार पूरे मामले की जांच कराएं और मतदाता सूची का गहन सत्यापन कराया जाए।

कांग्रेस ने कहा कि चुनाव आयोग यह स्पष्ट करे कि वह इस तरह की वोट चोरी की घटनाओं पर नजर कैसे रखेगा और दोषियों को कैसे पकड़ा जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मामले की जांच नहीं होती, तो वह आंदोलन की राह अपनाने के लिए बाध्य होंगे।

इस दौरान महेश प्रताप राणा, वरुण बालियान, मनोज सैनी, केश खुराना, राजीव भार्गव, विकास चंद्रा, विवेक भूषण, उत्कर्ष वालिया सहित कई कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *