स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नगर आयुक्त नंदन कुमार की अध्यक्षता में नगर निगम हरिद्वार की व्यापक समीक्षा बैठक
हरिद्वार, 02 जनवरी 2026।
नगर निगम हरिद्वार के नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार (IAS) की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में समस्त सफाई निरीक्षक एवं मुख्य सफाई निरीक्षक उपस्थित रहे।
बैठक में सभी वार्डों में शीघ्र नाला सफाई अभियान प्रारंभ करने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक मुख्य सफाई निरीक्षक अपने-अपने वार्डों में प्रतिदिन निरीक्षण करेंगे, जिससे जमीनी स्तर पर स्वच्छता की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। बाजार क्षेत्रों में रात्रिकालीन सफाई को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा नालों पर अतिक्रमण हटाने के लिए वार्ड पर्यवेक्षकों को सख्त निर्देश दिए गए।
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 पर विशेष फोकस
स्वच्छ भारत मिशन 2.0 की गाइडलाइंस के तहत Bulk Waste Generators को चिन्हित कर उनका रजिस्टर तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही यह स्पष्ट किया गया कि बड़े कचरा उत्पादक केवल ड्राई वेस्ट नगर निगम को सौंपेंगे, जबकि वेट वेस्ट का निस्तारण स्वयं करेंगे।
डोर-टू-डोर कलेक्शन व स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी
डोर-टू-डोर कलेक्शन के अंतर्गत यूजर चार्ज की साप्ताहिक समीक्षा तथा वार्डों में पर्यावरण मित्रों की कमी पर तत्काल रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। आगामी स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारी के लिए स्वच्छता ऐप के प्रचार-प्रसार, सार्वजनिक शौचालयों की दैनिक मॉनिटरिंग और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स पर सख्त कार्रवाई
बैठक में बताया गया कि बीते तीन महीनों में आर्य नगर, शंकर आश्रम, आनंदवाला बाग, अपर रोड, भीमगोडा और कड़च क्षेत्र सहित कई गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स समाप्त किए गए हैं। सभी सफाई निरीक्षकों को अपने-अपने वार्डों में ऐसे स्थानों को तत्काल खत्म करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उपनगर आयुक्त श्री दीपक गोस्वामी, सहायक नगर आयुक्त श्री ऋषभ उनियाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने अंत में स्पष्ट किया कि स्वच्छता में किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी को टीम भावना के साथ कार्य करते हुए हरिद्वार को स्वच्छ व सुंदर बनाना होगा।

