सजा सुनते ही कोर्ट से फरार हुआ चेक बाउंस का दोषी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

सजा सुनते ही कोर्ट से फरार हुआ चेक बाउंस का दोषी, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप

रुड़की। अदालत में सजा का ऐलान होते ही चेक बाउंस मामले का दोषी अभियुक्त पुलिस और कोर्ट कर्मचारियों को चकमा देकर फरार हो गया। न्यायालय परिसर से अभियुक्त के फरार होने की इस सनसनीखेज घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। देर रात तक पुलिस की कई टीमों द्वारा तलाश किए जाने के बावजूद अभियुक्त का कोई सुराग नहीं लग सका।

कलियर थाना क्षेत्र के रहमतपुर निवासी नीरज गोस्वामी के खिलाफ चेक बाउंस का मामला चल रहा था। शुक्रवार को वह रुड़की के रामनगर स्थित अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में पेशी पर पहुंचा। सुनवाई पूरी होने के बाद अदालत ने नीरज को दो वर्ष की सजा सुनाई। सजा के बाद कोर्ट मोहर्रिर अभियुक्त को कोर्ट रूम से बाहर लेकर आया, तभी मौका पाकर नीरज न्यायालय परिसर से फरार हो गया।

अचानक अभियुक्त के गायब होने से कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। शोर मचाकर पीछा भी किया गया, लेकिन अभियुक्त भीड़ का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। सूचना मिलते ही गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोहर भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।

पुलिस की कई टीमें फरार अभियुक्त की तलाश में जुटी हुई हैं। उसके रिश्तेदारों और परिचितों के यहां भी दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि अभियुक्त को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *