हरिद्वार पुलिस की बड़ी सफलता—ज्वालापुर थाना क्षेत्र का ₹50,000 का इनामी अपराधी महाराष्ट्र से गिरफ्तार
ज्वालापुर पुलिस और सीबीसीआईडी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। थाना ज्वालापुर में दर्ज मुकदमा संख्या 164/18 से संबंधित ₹50,000 के इनामी, वांछित अपराधी अनिल कुमार तिवारी को महाराष्ट्र के ठाणे जिले से गिरफ्तार किया गया। आरोपी लंबे समय से फरार था और अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए राज्य बदलकर लगातार स्थान बदल रहा था।
अनिल कुमार तिवारी, जिसके खिलाफ धारा 406, 420, 120-बी भादवि, 3 UPID ACT, तथा चिट फंड एवं धन परिचालन (पाबंदी) अधिनियम 1978 सहित RBI Act 45(S) के तहत गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं, की गिरफ्तारी हेतु हरिद्वार न्यायालय द्वारा वारंट जारी किए गए थे। लगातार प्रयासों के बावजूद आरोपी का कोई सुराग नहीं लग रहा था, जिस पर उस पर ₹50,000 का इनाम घोषित किया गया था।
सीबीसीआईडी टीम ने महाराष्ट्र के थाना कल्याण तालुका (टीटवाला ईस्ट) क्षेत्र में स्थानीय पुलिस की मदद से दबिश देकर आरोपी को 07 दिसंबर 2025 को फ्लैट नंबर 205, बिल्डिंग नंबर 02, रेजेंसी सरवम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर लाए जाने के बाद 09 दिसंबर 2025 को आरोपी को कोतवाली ज्वालापुर में दाखिल कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई।
गिरफ्तार आरोपी:
अनिल कुमार तिवारी, निवासी हंसपुरम, कानपुर (उ.प्र.); वर्तमान पता—रेजेंसी सरवम, टीटवाला ईस्ट, ठाणे (महाराष्ट्र)
हरिद्वार पुलिस ने बताया कि आर्थिक अपराधों में संलिप्त फरार अपराधियों के विरुद्ध यह कार्रवाई बड़ी उपलब्धि है और आगे भी ऐसे अभियुक्तों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

