आईटीआई हरिद्वार में पुराने अभिलेखों के विनिष्टिकरण प्रक्रिया की घोषणा—14 दिसंबर तक आपत्तियाँ आमंत्रित
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) हरिद्वार के प्रधानाचार्य द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि उत्तराखण्ड शासन के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में हरिद्वार, लक्सर और खानपुर संस्थानों के स्थापना वर्ष से अब तक के पुराने अभिलेखों का अनिवार्य अभिलेखन एवं नियमानुसार विनिष्टिकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए संस्थान स्तर पर एक विनिष्टिकरण एवं अनिवार्य अभिलेखन समिति का गठन किया गया है।
जारी सूचना के अनुसार, यदि किसी भी व्यक्ति को इन संस्थानों से संबंधित अभिलेखों के विनिष्टिकरण को लेकर कोई आपत्ति या प्रत्यावेदन देना हो, तो वह अपना आवेदन 14 दिसंबर 2025 शाम 5 बजे तक अनिवार्य रूप से केवल पंजीकृत डाक के माध्यम से आईटीआई हरिद्वार कार्यालय में भेज सकते हैं।
निर्धारित तिथि एवं समय के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी आवेदन या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा। इसके उपरांत गठित समिति द्वारा विनिष्टिकरण एवं अभिलेखन का कार्य नियमानुसार पूर्ण कर दिया जाएगा।
संस्थान ने स्पष्ट किया है कि इस प्रक्रिया से संबंधित सभी अधिकार समिति एवं कार्यालयाध्यक्ष के पास सुरक्षित रहेंगे।

