गोदाम में लगी भीषण आग,

देहरादून के पलटन बाजार में कपड़ों के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान खाक

देहरादून, 17 जून। देहरादून के व्यस्ततम बाजारों में शामिल पलटन बाजार स्थित एक कपड़ा दुकान के गोदाम में बुधवार को अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

पुलिस के अनुसार, पलटन बाजार स्थित ननकानी गारमेंट्स के तृतीय तल पर बने गोदाम में आग लगने की सूचना कोतवाली नगर को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही पुलिस बल तथा फायर स्टेशन देहरादून से दमकल की चार गाड़ियां मौके पर रवाना की गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मेहनत के बाद आग को नियंत्रित किया और उसे अन्य हिस्सों में फैलने से रोका।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि भवन के तीसरे तल पर लिफ्ट लगाने का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग का काम किया जा रहा था, तभी कपड़ों से भरे गोदाम में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो गया।

फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। वहीं पुलिस और अग्निशमन विभाग आग लगने के सटीक कारणों की विस्तृत जांच में जुटे हुए हैं। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *