विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर निगम हरिद्वार द्वारा विशेष परिषद बैठक, जन-जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन


नगर निगम हरिद्वार

विश्व पर्यावरण दिवस पर नगर निगम हरिद्वार द्वारा विशेष परिषद बैठक, जन-जागरूकता एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन

हरिद्वार, 05 जून।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम हरिद्वार द्वारा माननीय महापौर श्रीमती किरण जैसल के संरक्षण एवं मार्गदर्शन में नगर के समस्त वार्ड पार्षदों के साथ एक विशेष परिषद एवं जागरूकता बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता प्रबंधन तथा जनसहभागिता को प्रोत्साहित करते हुए हरित एवं स्वच्छ हरिद्वार के निर्माण हेतु जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों को जागरूक करना था।

बैठक में उपस्थित पार्षदगणों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) नियम, 2026 के प्रमुख प्रावधानों, नागरिक सहभागिता तथा स्थानीय निकायों एवं जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही माननीय सर्वोच्च न्यायालय की सिविल अपील संख्या 6174/2023 के क्रम में जारी निर्देशों एवं उनके प्रभावी अनुपालन पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

इस अवसर पर पार्षदगणों को नगर निगम द्वारा संचालित स्वच्छता एप्लिकेशन की कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता के विषय में भी जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि इस एप्लिकेशन के माध्यम से नागरिकों द्वारा दर्ज शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जा सकता है तथा स्वच्छता एवं शिकायत निवारण व्यवस्था को जमीनी स्तर पर और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकता है।

बैठक उपरांत नगर निगम हरिद्वार द्वारा केंद्र सरकार की पर्यावरण संरक्षण संबंधी पहल “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत विशेष वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान नगर निगम के विभिन्न वार्डों, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण किया गया। विशेष रूप से लालतारौ पुल क्षेत्र, विभिन्न पार्कों तथा अन्य चिन्हित स्थलों पर वर्तमान ऋतु के अनुकूल विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया गया।

माननीय महापौर श्रीमती किरण जैसल ने पौधारोपण करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का विषय नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का सतत दायित्व है। उन्होंने नगरवासियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण सुनिश्चित करने हेतु सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।

इसी क्रम में नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार (आईएएस) द्वारा भी नगर निगम परिसर में विशेष पौधों का रोपण किया गया। उन्होंने कहा कि प्रकृति एवं पर्यावरण का संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने सभी नागरिकों से “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से जुड़कर अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की अपील की।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नगर निगम हरिद्वार द्वारा नगर क्षेत्र के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, वार्डों एवं अन्य उपयुक्त स्थानों पर भी वृक्षारोपण कार्यक्रम संचालित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा स्वच्छ, सुंदर एवं सतत् नगर के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुँचाया गया।

कार्यक्रम में माननीय महापौर श्रीमती किरण जैसल, नगर आयुक्त श्री नंदन कुमार (आईएएस), पार्षद श्रीमती मंजू रावत, श्री मुकुल पराशर, अधिशासी अभियंता श्रीमती रचना पायल, मुख्य सफाई निरीक्षक श्री श्रीकान्त , सफाई निरीक्षक श्रीमती रूपाली, स्वच्छ भारत मिशन टीम के श्री मनीष दुबे एवं श्री विपुल सिंह, नगर निगम के अधिकारीगण, कर्मचारीगण, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी जनों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता संवर्धन एवं हरित हरिद्वार के निर्माण हेतु सामूहिक रूप से कार्य करने तथा वृक्षारोपण को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *