“आखिर मिल ही गई प्रज्ञा”
केदारनाथ यात्रा से लौटते वक्त पति से हुई कहासुनी के बाद लापता हुई महिला बिहार से सकुशल बरामद, सोशल मीडिया पर वायरल हुई थी तलाश की गुहार
हरिद्वार। केदारनाथ धाम यात्रा से लौटते समय पति से विवाद के बाद अचानक लापता हुई प्रज्ञा आखिरकार सकुशल मिल गई। कई दिनों से सोशल मीडिया पर महिला की तलाश को लेकर भावुक अपीलें वायरल हो रही थीं। पति मनीष अग्रहरि लगातार लोगों से पत्नी को ढूंढने की गुहार लगा रहा था। अब हरिद्वार पुलिस ने महिला को बिहार के बेगूसराय से सुरक्षित बरामद कर लिया है।
मामला 6 मई 2026 का है, जब कानपुर निवासी मनीष अग्रहरि ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी पत्नी प्रज्ञा (28 वर्ष) का अज्ञात लोगों द्वारा अपहरण कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
SSP हरिद्वार Navneet Singh के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी लक्सर के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक लक्सर के नेतृत्व में थाना पुलिस और SOG रुड़की की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी और मैनुअल दोनों स्तर पर जांच करते हुए कई संभावित स्थानों पर तलाश अभियान चलाया।
लगातार प्रयासों के बाद पुलिस टीम ने महिला को बिहार के बेगूसराय से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह पति के साथ केदारनाथ यात्रा पर गई थी। वापसी के दौरान देहरादून में दोनों के बीच कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद ट्रेन यात्रा के दौरान वह पति से अलग होकर चली गई।
महिला की सुरक्षित बरामदगी के बाद परिजनों ने हरिद्वार पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद की स्थिति में जल्दबाजी में घर छोड़ने जैसे कदम न उठाएं, बल्कि परिजनों और करीबी लोगों की मदद लें।

