
कुर्सी लगाकर कूड़ा प्वाइंट पर बैठे अधिकारी, गुलाब देकर दिया स्वच्छता का संदेश
नगर आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम हरिद्वार की मानवीय और संवेदनशील पहल
हरिद्वार। नगर आयुक्त नंदन कुमार के निर्देश पर नगर निगम हरिद्वार ने शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं कचरा-मुक्त बनाने की दिशा में एक अनूठी और सराहनीय पहल शुरू की है। इस अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र में चिन्हित सभी Garbage Vulnerable Points पर विशेष स्वच्छता एवं जन-जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है।
इस पहल की सबसे खास बात यह है कि नगर निगम के अधिकारी स्वयं कुर्सी लगाकर कूड़ा-संवेदनशील स्थलों पर बैठ रहे हैं और वहां आने-जाने वाले नागरिकों से सीधे संवाद कर कूड़ा न फेंकने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर लोगों को स्वच्छता का महत्व समझा रहे हैं, जिससे यह संदेश स्पष्ट हो रहा है कि स्वच्छता केवल नियम नहीं, बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है।
अभियान के दौरान प्रत्येक कूड़ा-संवेदनशील बिंदु पर नियमित सफाई कराई जा रही है। यदि कोई व्यक्ति कूड़ा फेंकते हुए पाया जाता है, तो उसे दंडित करने के बजाय मानवीय और संवेदनशील तरीके से समझाया जा रहा है। ऐसे व्यक्ति को प्रतीकात्मक रूप से गुलाब का फूल भेंट कर सकारात्मक संदेश दिया जा रहा है, ताकि वह भविष्य में स्वयं भी स्वच्छता का संदेशवाहक बन सके।
नगर निगम द्वारा नागरिकों को यह भी जागरूक किया जा रहा है कि कूड़ा खुले में या सड़क पर न फेंकें, बल्कि घरों में डस्टबिन में एकत्र कर नगर निगम की कूड़ा गाड़ी को ही दें। साथ ही कूड़ा गाड़ी से संबंधित किसी भी समस्या के समाधान के लिए नगर निगम का शिकायत नंबर भी आमजन को उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो सके।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षद निशा नौडियाल, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, पर्यावरण पर्यवेक्षक सुदर्शन सहित अन्य नगर निगम कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
नगर निगम हरिद्वार की यह पहल स्वच्छता अभियान में संवाद, संवेदनशीलता और सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन का उत्कृष्ट उदाहरण है, जो आने वाले समय में हरिद्वार को कचरा-मुक्त, स्वच्छ और जागरूक शहर बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।

