हरिद्वार में सूखे नशे का जाल: तीर्थ नगरी की मर्यादा पर संकट, व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री से लगाई गुहार
हरिद्वार।
धार्मिक नगरी हरिद्वार और मेला क्षेत्र सहित पूरे जनपद में सूखे नशे व नशीले इंजेक्शनों का अवैध कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। इस गंभीर समस्या को लेकर प्रांतीय उद्योग व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
व्यापार मंडल का कहना है कि नशे के बढ़ते प्रचलन से कई परिवार उजड़ चुके हैं और युवाओं का भविष्य अंधकार में जा रहा है। हर माता-पिता अपने बच्चों को लेकर भयभीत हैं। ड्रग तस्कर खुलेआम सूखे नशे का कारोबार कर रहे हैं, जिससे समाज में अपराध और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि हर की पौड़ी और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं, लेकिन नशे के खुले कारोबार से तीर्थ नगरी की पवित्रता और छवि लगातार धूमिल हो रही है। आरोप है कि हर की पौड़ी क्षेत्र में मांस, मदिरा और सूखा नशा खुलेआम बिक रहा है, जिसकी जानकारी पुलिस प्रशासन को होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही।
व्यापार मंडल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि नशे के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि हरिद्वार की धार्मिक गरिमा सुरक्षित रह सके और युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाया जा सके।

