12 तोला सोना निकला नकली, बदलने के नाम पर ज्वैलर्स ने हड़पे गहने, मुकदमा दर्ज

12 तोला सोना निकला नकली, बदलने के नाम पर ज्वैलर्स ने हड़पे गहने, मुकदमा दर्ज


हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में एक ज्वैलर्स पर ग्राहक को नकली सोने के आभूषण बेचने और बाद में उन्हें बदलने के नाम पर हड़प लेने का आरोप लगा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार दादूपुर गोविंदपुर निवासी तोफीक अहमद पुत्र यूनुस ने शिकायत देकर बताया कि उन्होंने वर्ष 2020 और 2022 में पथरी पावर हाउस स्थित तृप्ति ज्वैलर्स के संचालक अजय वर्मा निवासी अहबाबनगर, विष्णुलोक कॉलोनी, बीएचईएल रानीपुर से करीब 12 तोले सोने के आभूषण खरीदे थे।


वर्ष 2024 में आर्थिक जरूरत पड़ने पर वह आभूषण गिरवी रखकर बैंक से लोन लेने पहुंचे। आरोप है कि जांच के दौरान बैंक कर्मचारियों ने आभूषण नकली बताए और उन पर लोन देने से इनकार कर दिया। इसके बाद तोफीक अहमद ने ज्वैलर्स संचालक अजय वर्मा से संपर्क किया।


शिकायतकर्ता का आरोप है कि अजय वर्मा ने करीब 68.67 ग्राम सोने के आभूषण बदलकर देने के नाम पर वापस ले लिए और बाकी करीब पांच तोले सोना बाद में लौटाने का भरोसा दिया। आरोप है कि उसने विश्वास में लेकर सभी आभूषण अपने पास रख लिए, लेकिन न तो नए गहने दिए और न ही उनकी कीमत लौटाई।


पीड़ित ने आरोप लगाया कि पहले नकली आभूषण बेचकर धोखाधड़ी की गई और बाद में असली गहने बदलने के नाम पर हड़प लिए गए। कोतवाली प्रभारी मनोहर सिंह भंडारी ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *