कनखल के देश रक्षक क्षेत्र स्थित कार्तिकेय कुंज में बंदरों का बढ़ता आतंक, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर संकट


कनखल के देश रक्षक क्षेत्र स्थित कार्तिकेय कुंज में बंदरों का बढ़ता आतंक, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा पर संकट
लगातार किसी न किसी कारण से सुर्खियों में रहने वाला कार्तिकेय कुंज एक बार फिर चर्चा का विषय बना हुआ है। इस बार वजह बेहद गंभीर है। कनखल के देश रक्षक क्षेत्र में स्थित इस कॉलोनी में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि लगभग पूरे दिन बंदरों का झुंड कॉलोनी में घूमता रहता है, जिससे स्थानीय लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि बंदर खासतौर पर छोटे-छोटे बच्चों और बुजुर्गों को अपना निशाना बना रहे हैं। पहले भी एक-दो बार बंदर कॉलोनी के लोगों को काट चुके हैं, इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। लोगों को आशंका है कि यदि समय रहते प्रशासन ने संज्ञान नहीं लिया, तो कभी भी कोई बड़ी और अप्रिय घटना घट सकती है।

गौरतलब है कि कनखल क्षेत्र में पहले भी कई बार बंदरों का आतंक देखने को मिल चुका है, लेकिन कार्तिकेय कुंज में स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अपील की है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए बंदरों के आतंक के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।