हरिद्वार में गैस कालाबाज़ारी पर प्रशासन का सख्त एक्शन, 101 सिलेंडर जब्त
पीएनजी कनेक्शन बढ़ाने पर जोर, 517 शिकायतों का निस्तारण, घरेलू व व्यावसायिक गैस स्टॉक पर्याप्त
हरिद्वार में गैस आपूर्ति को सुचारु, सुरक्षित और पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी हरिद्वार द्वारा हरिद्वार नेचुरल गैस लिमिटेड को निर्देश दिए गए हैं कि अप्रैल 2026 के दौरान सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों, आश्रमों और अखाड़ों को प्राथमिकता के आधार पर पीएनजी कनेक्शन से जोड़ा जाए।
प्रशासन ने आमजन से भी अपील की है कि वे पीएनजी कनेक्शन के लिए हरिद्वार नेचुरल गैस लिमिटेड के प्रबंधक श्री प्रियंशु बालियान और श्री प्रिंस सागर से संपर्क कर सकते हैं।
जनपद हरिद्वार में फिलहाल घरेलू और व्यावसायिक गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन के अनुसार, वर्तमान में गैस एजेंसियों पर घरेलू गैस के 20,154 सिलेंडर और व्यावसायिक गैस के 3,766 सिलेंडर मौजूद हैं। वहीं, बीते दिन 9,740 सिलेंडरों की प्राप्ति के सापेक्ष 11,356 सिलेंडरों का वितरण किया गया।
एलपीजी गैस की कालाबाज़ारी और दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निरीक्षण और छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। बीते दिनों तक 736 निरीक्षण और छापेमारी कार्रवाइयाँ की गईं, जिनमें कालाबाज़ारी में संलिप्त पाए जाने पर 2 मुकदमे दर्ज किए गए और 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।
इसी क्रम में 4 अप्रैल 2026 को घरेलू गैस के दुरुपयोग के मामले में 101 सिलेंडर कब्जे में लिए गए। इस कार्रवाई में एसटीएफ देहरादून, कोतवाली रुड़की पुलिस टीम और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। संबंधित मामले में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।
जिला प्रशासन द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 01334-1077, दूरभाष नंबर 01334-239444 और व्हाट्सएप नंबर 9528250926 पर अब तक कुल 517 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनका त्वरित निस्तारण संबंधित गैस एजेंसियों और नोडल अधिकारियों के माध्यम से कराया गया है।
प्रशासन का कहना है कि गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही, कालाबाज़ारी या दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

