
शारदा नगर में मकर संक्रांति पर सेवा और संस्कार का संगम, जरूरतमंदों को गर्म कपड़ों का वितरण
शारदा नगर में मकर संक्रांति का पर्व इस वर्ष सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता के संदेश के साथ श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर शारदा नगर वासियों द्वारा आम जनता के बीच सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसका नेतृत्व समाजसेवी शशि अग्रवाल एवं स्थानीय पार्षद पिंकी चौधरी ने किया।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को प्रसाद/भोजन वितरित किया गया तथा ठंड से राहत प्रदान करने के उद्देश्य से जरूरतमंदों को गर्म कपड़ों का वितरण भी किया गया। आयोजन में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की और सेवा भावना की सराहना की।
इस अवसर पर समाजसेवी शशि अग्रवाल ने मकर संक्रांति के धार्मिक एवं वैज्ञानिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि मकर संक्रांति एकमात्र ऐसा हिंदू पर्व है जो सूर्य की गति पर आधारित है, जबकि अधिकांश पर्व चंद्रमा पर आधारित होते हैं। सूर्य के मकर राशि में प्रवेश करने के कारण इस पर्व को मकर संक्रांति कहा जाता है। शास्त्रों के अनुसार देवताओं का एक दिन मनुष्यों के एक वर्ष के समान माना जाता है और मकर संक्रांति को देवताओं के दिन का आरंभ माना गया है। इसी कारण इस दिन गंगा स्नान और दान–पुण्य का विशेष महत्व है।

कार्यक्रम की सफलता में मंदिर की अध्यक्ष तनुजा शर्मा, रितु तायल सुषमा जी, विमला जी, नेहा, ऋतु, नीशू, बृजेश जी, चित्रा जी तथा शारदा नगर के अनेक सम्मानित भाइयों ने मिलकर अपना बहुमूल्य योगदान दिया और इस पुण्य कर्म के सहभागी बने। 🙏
अंत में पार्षद पिंकी चौधरी ने सभी क्षेत्रवासियों को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक और धार्मिक सेवा कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे, सहयोग और मानवता की भावना को मजबूत करते हैं।



