“हरिद्वार से मथुरा तक हिंदू राष्ट्र के संकल्प की पदयात्रा, गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की मांग
हरिद्वार। आज प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में गायक कवि सिंह ने हिंदू राष्ट्र की मांग को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने मीडिया के माध्यम से सरकार से गौ माता को राष्ट्रमाता घोषित करने की अपील की। कवि सिंह ने कहा कि देश के विभाजन के समय पाकिस्तान को मुस्लिम राष्ट्र घोषित किया गया, लेकिन भारत आज भी धर्मशाला बना हुआ है, जबकि यह हिंदुओं की आस्था और संस्कृति का केंद्र रहा है।
कवि सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हिंदू राष्ट्र के संकल्प को लेकर हरिद्वार की पावन धरती हर की पौड़ी से 25 दिनों की पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा में हजारों की संख्या में साधु-संत और आमजन शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि इस यात्रा के दौरान 25 दिनों तक उपवास भी रखा जाएगा, ताकि यह आंदोलन पूरी तरह आध्यात्मिक और जनचेतना से जुड़ा रहे।
उन्होंने आगे कहा कि जिस प्रकार अयोध्या में श्रीराम मंदिर का निर्माण हुआ है, उसी तरह मथुरा की श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भी भगवान श्रीकृष्ण का भव्य मंदिर बनाया जाना चाहिए। यह पदयात्रा मथुरा पहुंचकर श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर समापन करेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान अधिर कौशिक और शास्त्री जी भी मौजूद रहे। वक्ताओं ने पदयात्रा को राष्ट्र और धर्म के लिए एक जागरण अभियान बताते हुए अधिक से अधिक लोगों से इसमें शामिल होने की अपील की।

