📌 शताब्दी वर्ष का शुभारंभ होगा ‘वसुधा वंदन’ से — 4 दिसंबर को बैरागी द्वीप में शुरू होगी ऐतिहासिक आध्यात्मिक यात्रा
हरिद्वार, 2 दिसंबर।
अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा प्रस्तावित भव्य शताब्दी महोत्सव की शुरुआत 4 दिसंबर को हरिद्वार स्थित बैरागी द्वीप से होने जा रही है। वंदनीया माता भगवती देवी शर्मा जी की जन्मशताब्दी, युगऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य जी द्वारा प्रज्वलित दिव्य अखंड दीप के 100 वर्ष तथा आचार्यश्री के साधना काल की शताब्दी पूर्णता के उपलक्ष्य में यह विराट आध्यात्मिक आयोजन 19 से 23 जनवरी 2026 तक भव्य रूप में सम्पन्न होगा।
कार्यक्रम से पूर्व बैरागी द्वीप की इस पवित्र भूमि पर ‘वसुधा वंदन (तीर्थ रज पूजन)’ प्रस्तावित है, जो इस महोत्सव का आध्यात्मिक शुभारंभ माना जा रहा है।
✨ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि होंगे राज्यपाल
4 दिसंबर को आयोजित वसुधा वंदन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय राज्यपाल श्री गुरमीत सिंह शामिल रहेंगे। उनके साथ शांतिकुंज की अधिष्ठात्री श्रद्धेया शैलदीदी एवं गायत्री परिवार के युवा प्रतिनिधि डॉ. चिन्मय पण्ड्या की विशेष उपस्थिति रहेगी।
🌍 “यह आयोजन विश्व चेतना के नव जागरण का संदेश” — डॉ. चिन्मय पण्ड्या
देवसंस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज में पत्रकारों से बातचीत करते हुए डॉ. चिन्मय पण्ड्या ने कहा—
“यह शताब्दी महोत्सव केवल गायत्री परिवार की नहीं, संपूर्ण मानवता के जागरण का वर्ष है। विचार क्रांति, अध्यात्मिक पुनर्जागरण और मानवता के उत्थान की दिशा में यह आयोजन नया संदेश देगा।”
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम में देश–विदेश से आए हजारों गायत्री साधक पवित्र रज को माथे से लगाकर श्रद्धा, समर्पण और युगपरिवर्तन संकल्प को पुनः दोहराएंगे।
🕯️ तपस्थली हरिद्वार से उठी थी युग परिवर्तन की लौ
डॉ. पण्ड्या ने बताया कि युगऋषि पूज्य पं. श्रीराम शर्मा आचार्य ने हरिद्वार की इस भूमि पर अपने तप और साधना से विचार क्रांति अभियान की नींव रखी थी। यहाँ से ही युग निर्माण योजना विश्वभर में विस्तारित हुई और मानवता को नई दिशा मिली।
🌿 आयोजन में देश-विदेश की प्रमुख विभूतियाँ होंगी सम्मिलित
शताब्दी समारोह में—
- शांतिकुंज एवं देवसंस्कृति विश्वविद्यालय के वरिष्ठ प्रतिनिधि
- देश–विदेश से जुड़े साधक
- आध्यात्मिक जगत के प्रमुख संत
- अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित हस्तियाँ
उपस्थिति दर्ज कराएँगी।
📰 प्रेस वार्ता में मौजूद रहे अधिकारी
इस अवसर पर प्रेस क्लब हरिद्वार के अध्यक्ष श्री धर्मेंद्र चौधरी, महासचिव दीपक मिश्रा, डॉ. राधिका नागरथ सहित प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
📌 यह कार्यक्रम केवल आयोजन नहीं, बल्कि युग परिवर्तन के एक नए अध्याय का आरंभ है।

