रेलवे लाइन किनारे प्लास्टिक की पन्नी में मिला नवजात शिशु, इंसानियत हुई शर्मसार
हरिद्वार:
हरिद्वार के ब्रह्मपुरी क्षेत्र में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। ब्रह्मपुरी जिला अस्पताल के पीछे, पोस्ट ऑफिस के पास रेलवे लाइन के किनारे एक प्लास्टिक की पन्नी में नवजात शिशु मिला। राहगीरों ने जब पन्नी को देखा तो अंदर नवजात बच्चे को देखकर सन्न रह गए।
सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पार्षद सोहित सेठी मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद शिशु को मृत घोषित कर दिया।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा रोष जताया है और प्रशासन से दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पार्षद सोहित सेठी ने कहा कि “यह घटना बेहद दुखद और मानवता को शर्मसार करने वाली है। समाज में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जनजागरूकता और सख्त कानून की आवश्यकता है।”

